Ranchi: झारखंड के मौसम में तेजी से बड़ा बदलाव होने वाला है. मानसून की सक्रियता और विभिन्न मौसमी ट्रफ लाइनों के असर से राज्य में बारिश का सिलसिला जोर पकड़ने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब से बिहार तक फैली मानसूनी ट्रफ रेखा और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश की प्रबल संभावना है. इससे राज्य के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी.
मानसून की मौजूदा स्थिति
फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा डाल्टनगंज और मोतिहारी जैसे इलाकों से होकर गुजर रही है. आगामी 48 घंटों में इसके झारखंड के शेष हिस्सों और आसपास के राज्यों में पूरी तरह छा जाने के लिए स्थितियां अत्यंत अनुकूल बनी हुई हैं.

पिछले 24 घंटों में बहरागोरा में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो राज्य में सबसे अधिक रहा. वहीं, लातेहार सबसे ठंडा रहा जहाँ पारा 22.4 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. लेकिन उसके बाद अगले 4 दिनों के भीतर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी.
जिलेवार बारिश और अलर्ट
30 जून: राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी भागों (जैसे बोकारो, धनबाद, रांची, खूंटी, सिमडेगा) में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है.
1 जुलाई: राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है.पूरे राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है. आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में 29 जून से 5 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. 29 जून को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो 1 जुलाई तक घटकर 28 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर आ जाएगा. रांची में एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है, जिससे मौसम काफी खुशनुमा बना रहेगा.
ALSO READ: पलामू: DC ने घर जाकर बच्चों को पिलाई पल्स पोलियो की खुराक, घर-घर पहुंचा पल्स पोलियो अभियान


