Gumia: गोमिया थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई पेंटर मोईउद्दीन अंसारी की हत्या का बेरमो अनुमंडल पुलिस ने खुलासा शुक्रवार को कर लिया है. बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बशिष्ठ नारायण सिंह के अनुसार, इस मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. घटना का मुख्य कारण मछली दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर उपजा पुराना विवाद बताया जा रहा है.
साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो को किया गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, बीते 16 अप्रैल को वादी मोहम्मद तबारक अंसारी ने अपने चाचा की हत्या के संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ गोमिया थाना में मामला दर्ज कराया था. बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ बेरमो के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा और धनराज श्रीवास्तव को धर दबोचा. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
वाहन खड़ा करने को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी धनराज श्रीवास्तव की मछली दुकान के सामने आए दिन वाहन खड़ा करने को लेकर मृतक से विवाद होता रहता था. इसी रंजिश में धनराज ने अर्जुन कुमार तिवारी को 25 हजार रुपये का लालच दिया और लकड़ी के फट्टे से पीट-पीटकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया. गिरफ्तार अर्जुन तिवारी गोमिया के देवीपुर का रहने वाला है, जबकि धनराज श्रीवास्तव आईईएल थाना क्षेत्र का निवासी है और उसका पूर्व में भी लूट व आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा लकड़ी का फट्टा, एक कार (JH09AE7448) और मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
यह भी पढ़ें: ट्रेजरी स्कैम : आइएएस अमिताभ कौशल की नेतृत्व में बनी SIT ने हजारीबाग प्रशासन से मांगा 15 साल का लेखा-जोखा
