GUMLA: घाघरा थाना क्षेत्र के बिमरला पंचायत के बीआर गांव निवासी लगभग 62 वर्षीय गणेश मुंडा का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. वह सोमवार सुबह घर से महुआ चुनने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे.
1 किलोमीटर दूर नाले से मिला शव
जानकारी के अनुसार, गणेश मुंडा अपनी बेटी सुषमा मुंडा के साथ घर पर रहते थे. सोमवार को वह रोज की तरह महुआ चुनने के लिए घर से करीब 1 किलोमीटर दूर गए थे. वहीं उनका टोकरी और महुआ चुनने का सामान भी मिला है.
जब वह सोमवार को वापस नहीं लौटे, तो उनकी बेटी ने मंगलवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद गांव के लोग उनकी तलाश में जुट गए.
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
तलाश के दौरान ग्रामीणों को घर से लगभग 1 किलोमीटर दूर करंज गाड़हा के पास स्थित नाले से गणेश मुंडा का शव मिला. ग्रामीणों का कहना है कि शव पर गर्दन और पेट के पास नाखून जैसे निशान दिख रहे हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया.
एएसआई सुशील कुमार पांडे ने बताया कि पहली नजर में मामला हत्या का नहीं लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
