Latehar: डीसी संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (National Deworming Day) के सफल आयोजन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) कार्यक्रम की तैयारियों एवं सफल संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.
15 जून को होगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
बैठक के दौरान सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि जिले में 15 जून 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा दवा खाने से वंचित बच्चों के लिए 18 जून 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों, किशोर एवं किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी, ताकि बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित किया जा सके.

आयु वर्ग के अनुसार दी जाएगी दवा
इस अभियान के तहत 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी एल्बेंडाजोल टैबलेट (तोड़कर), 2 से 3 वर्ष के बच्चों को एक एल्बेंडाजोल टैबलेट (तोड़कर) दी जाएगी. छोटे बच्चों को आवश्यकता अनुसार गोली चूर कर साफ पानी के साथ दी जाएगी, जबकि 3 से 19 वर्ष के बच्चों को एक एल्बेंडाजोल टैबलेट चबाकर या पानी के साथ निगलने हेतु दी जाएगी.
पूरी तरह मसलकर या चबाकर खिलाएं गोली: DC
डीसी संदीप कुमार ने कहा कि एल्बेंडाजोल की गोली देते समय बच्चों के अभिभावक, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विभागों के कर्मचारी कुछ बातों पर विशेष ध्यान दें. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित हो कि छोटे बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली पूरी तरह मसलकर दी जाए. बच्चों के साथ प्यार से व्यवहार करते हुए उन्हें दवा दी जाए और किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती न की जाए.
घर ले जाकर नहीं दी जाएगी दवा
उन्होंने स्पष्ट कहा कि एल्बेंडाजोल की गोली स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मचारी की देखरेख में ही दी जाएगी तथा कोई भी एल्बेंडाजोल की गोली घर ले जाकर बच्चों को नहीं देगा. उपायुक्त ने आम जनमानस से अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के दिन स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जरूर भेजें.
अभियान को सफल बनाने के निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कुपोषण से बचाव के लिए कृमि मुक्ति अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने अभियान के दौरान अधिक से अधिक बच्चों को आच्छादित करने का निर्देश दिया. बैठक में संबंधित विभागों को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एल्बेंडाजोल दवा एवं आईईसी सामग्री समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम एवं बीपीएम उपस्थित थे.
