Simdega: पाकरटांड़ थाना क्षेत्र के किनबिरा गांव में राशन कार्ड में नाम कटने के विवाद को लेकर एक युवक ने अपनी चाची एवं पीडीएस डीलर पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई.
चाची को ठहरा रहा था जिम्मेदार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किनबिरा निवासी वीणा देवी पीडीएस डीलर के रूप में कार्य करती हैं. बताया जाता है कि उनके भतीजे सत्यानंद राम के परिवार का नाम राशन कार्ड से हट गया था. इस बात को लेकर वह अपनी चाची से नाराज चल रहा था और उन्हें ही इसके लिए जिम्मेदार मान रहा था.
धारदार हथियार से हमला
शुक्रवार देर रात सत्यानंद राम वीणा देवी के घर पहुंचा और राशन कार्ड में नाम कटने को लेकर उनसे बहस करने लगा. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने धारदार हथियार निकालकर वीणा देवी के गले पर वार कर दिया. आरोप है कि उसने उनके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई बार हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजनों ने घायल वीणा देवी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है.
आरोपी की तलाश में पुलिस
इधर, सूचना मिलने पर पाकरटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


