Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्पष्ट किया कि नई कमेटी कोई जंबोजेट नहीं है, बल्कि यह संतुलित प्रतिनिधित्व वाली एक ऐसी कार्ययोजना है, जो जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने और कांग्रेस के नीति-सिद्धांतों तथा कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी. पार्टी ने हर लोकसभा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 8 से 10 पदाधिकारियों की एक विशेष संसदीय क्षेत्र कार्यकारिणी टीम तैनात की है.

कमेटी में 222 पदाधिकारी सक्रिय
वर्तमान में पूरी कमेटी में 222 पदाधिकारी हैं, जिनमें से 206 लोगों को भौगोलिक और कार्यात्मक आधार पर फील्ड की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है और वे सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. इनमें 01 कोषाध्यक्ष, 16 उपाध्यक्ष, 43 महासचिव, 37 पीसीसी कोऑर्डिनेटर, 81 सचिव और 44 संयुक्त सचिव शामिल हैं.
काम को पूरी तरह किया गया विकेंद्रीकृत
उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था के तहत पार्टी ने काम को पूरी तरह विकेंद्रीकृत कर दिया है. प्रत्येक टीम में एक लोकसभा प्रभारी, एक सह-प्रभारी और सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं. ये टीमें गांवों और शहरी वार्डों में जाकर सीधे जनता से जुड़ेंगी. इसके लिए मासिक रूप से दिन निर्धारित किए गए हैं, जिसमें अनिवार्य क्षेत्रीय भ्रमण और जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल हैं.
पदाधिकारियों के लिए तैयार होगा रूट चार्ट
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि सभी पदाधिकारियों के लिए एक विशेष रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस इसकी खुद मॉनिटरिंग करेगी, ताकि हर पदाधिकारी साल में कम से कम तीन बार अपने क्षेत्र के गांवों का दौरा जरूर करे. ये टीमें जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, जिला प्रभारियों, ब्लॉक व मंडल अध्यक्षों तथा जिला कमेटी के उपाध्यक्षों और महासचिवों के साथ मिलकर काम करेंगी, ताकि संगठन में बेहतर तालमेल बना रहे.
मीडिया विभाग को भी मिली विशेष जिम्मेदारी
संगठन की विचारधारा और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए मीडिया विभाग के तहत लगभग 50 लोगों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है.
