Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला प्रशासन के डिस्ट्रिक्ट ई-गवर्नेंस सोसाइटी (DeGS) और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) के बीच कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए.
DC मनीष कुमार ने कहा…
DC मनीष कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से जिले के विद्यार्थियों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा मिलेगी, जिससे उनके कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

उन्होंने कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए लाभकारी साबित होगा. इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से विभिन्न कंप्यूटर कोर्स, डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम और कौशल विकास प्रशिक्षण संचालित किए जाएंगे. इससे युवाओं की रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस मौके पर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सुश्री एम. अपर्णा कुमारी, सहायक जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी मनीष जांगिड़, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर साकिब सलाम खान, उपायुक्त सह अध्यक्ष DeGS पश्चिमी सिंहभूम मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा और NIELIT के कार्यकारी निदेशक डॉ. नितिन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
