Palamu: पलामू जिले के हैदरनगर-जपला मुख्य सड़क पर बहेरा-बिंदुबिघा मोड़ के समीप बुधवार को नीलगाय के अचानक सड़क पर आ जाने से दो ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गए. नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक ऑटो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ऑटो सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरा. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ऑटो भी हादसे की चपेट में आ गई.
दोनों ऑटो चालकों समेत कुल 6 लोग घायल
दुर्घटना में दोनों ऑटो चालकों समेत कुल 6 लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है. घायलों में मोहम्मदगंज निवासी मनीष कुमार (26 वर्ष), बलडीहरी निवासी समीदा बीबी (65 वर्ष), अनुज भुइयां (35 वर्ष), हसमुख शाह (22 वर्ष), समीर शाह (18 वर्ष) एवं असगर शाह (26 वर्ष) शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलने पर हैदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. वहीं, इस घटना में नीलगाय का पैर टूट गया है, जिसे पशुपालन में भेजने की बात कही जा रही है.
