Khunti: कर्रा थाना क्षेत्र के पद्मपुर गांव में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले का खूंटी पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, अपाची बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है. जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को पद्मपुर निवासी हेरमन होरो पर अपराधियों ने जानलेवा हमला करते हुए गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद कर्रा थाना में कांड संख्या 37/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खूंटी के निर्देश पर तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.

पूछताछ में अपराधी ने किया जुर्म स्वीकार
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के दौरान 25 मई को राहुल मुंडा उर्फ नन्दू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी रमेश तिर्की के साथ मिलकर हेरमन होरो को गोली मारी थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी रमेश तिर्की उर्फ रवि तिर्की उर्फ सिपाही को रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया. पूछताछ में रमेश तिर्की ने भी अपराध स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पद्मपुर जंगल में गड्ढे में छिपाकर रखा गया एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल संख्या JH01FV-3632 बरामद की गई. पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार और गोली बरामदगी को लेकर कर्रा थाना में अलग से कांड संख्या 39/26 दर्ज किया गया है.
बरामद सामान
- एक देसी पिस्टल
- दो जिंदा कारतूस
- अपाची मोटरसाइकिल (JH01FV-3632)
- एक मोबाइल फोन
छापेमारी अभियान में तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: यौन शोषण का आरोपी बिहार से हुआ गिरफ्तार
