Pakur: पाकुड़ सदर प्रखंड अंतर्गत पृथ्वीनगर पंचायत के पृथ्वीनगर मुखिया टोला में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में 5 परिवार के घर पूरी तरह जलकर राख हो गया था. इस हृदयविदारक घटना में घर का सारा सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन, आवश्यक दस्तावेज़ तथा दैनिक उपयोग की सभी सामान जलकर नष्ट हो गई. वर्षों की मेहनत से बनाया गया आशियाना राख में तब्दील हो गया, जिससे पीड़ित परिवार गहरे संकट में आ गया.घटना की जानकारी पंचायत के मुखिया पति सेलिम हुसैन ने दूरभाष के माध्यम से पाकुड़ विधायक निसात आलम को दी. सूचना प्राप्त होते ही विधायक निसात आलम ने संवेदनशीलता और मानवीयता का परिचय देते हुए तत्काल पीड़ित परिवार से मिले.

क्षतिग्रस्त मकानों का निर्माण के लिए पहल का दिया निर्देश
]
अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस परिवार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा हरसंभव सहयोग किया जाएगा. इस दौरान विधायक निसात आलम ने पीड़ित परिवारों के बीच आर्थिक सहायता, राशन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री वितरित की, ताकि तत्काल राहत मिल सके. साथ ही उन्होंने संबंधित सरकारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त मकानों का निर्माण के लिए पहल करें. विधायक ने प्रशासन से आग की घटना का शीघ्र सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं सभी सरकारी राहत उपलब्ध कराने को कहा.
