Palamu : डेहरी ऑन सोन से बरकाकाना जा रही सवारी गाड़ी में जपला रेलवे स्टेशन पर एक यात्री अचेत अवस्था में मिला. सूचना मिलने पर जपला RPF जपला पोस्ट की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री को ट्रेन से उतारा और अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया. दरअसल, गाड़ी संख्या 53358 डाउन के कोच संख्या NW-134675 GS में एक यात्री के अचेत होने की सूचना डिप्टी SS जपला की ओर से मेमो के माध्यम से दी गई थी. सूचना मिलते ही RPF के उप निरीक्षक रामनरेश राम स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे. स्टेशन पर तैनात पोर्टर उपेंद्र कुमार पाल के सहयोग से स्ट्रेचर की व्यवस्था की गई और निजी वाहन से यात्री को अस्पताल पहुंचाया गया.

मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था यात्री
अस्पताल में चिकित्सकों ने यात्री का प्राथमिक उपचार शुरू किया. उपचार के दौरान यात्री ने अपना नाम दिव्यांश कुमार दुबे (24 वर्ष), पिता अरुण कुमार दुबे, निवासी अगड़ेर कला, थाना सूरजपुरा, जिला रोहतास, बिहार बताया. चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया यात्री को मिर्गी की बीमारी से पीड़ित बताया.
रेलवे पुलिस ने पिता को दी गई सूचना
RPF ने यात्री के पिता अरुण कुमार दुबे को फोन कर घटना की जानकारी दी. पिता ने बताया कि उनके बेटे को पहले से मिर्गी की बीमारी है और वे जल्द अस्पताल पहुंच रहे हैं. इस बीच उनके परिचित सिद्धार्थ दुबे, जो CISF जवान हैं और जपला के रहने वाले हैं, अस्पताल पहुंच गए. यात्री की देखरेख के लिए RPF आरक्षी पुष्पेंद्र कुमार श्रीवास्तव को परिजनों के पहुंचने तक अस्पताल में तैनात किया गया है. परिजनों के पहुंचने के बाद यात्री को उनके सुपुर्द किया जाएगा. RPF की तत्परता से अचेत यात्री को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया.
Also Read : हजारीबाग में बालू तस्करी का खेल, बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहीं सैकड़ों गाड़ियां

