-
जिला स्कूल और वाईएसएन महिला कॉलेज केंद्र का डीसी एसपी ने किया निरीक्षण
Palamu: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. परीक्षा के दौरान रविवार को पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने खुद मोर्चा संभाला और विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. बता दें कि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू हो गई. शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा हो रही है.


सुरक्षा और आधुनिक उपकरणों की हुई समीक्षा
निरीक्षण अभियान के तहत मुख्य रूप से शहर के जिला स्कूल एवं योध सिंह नामधारी (वाईएसएन) महिला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र की जांच की गई. निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने केंद्रों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, जैमर की क्रियाशीलता, परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक और प्रवेश प्रक्रिया सहित अन्य सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की.


कदाचार करने वालों पर कड़ी नजर
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी संबंधित पदाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों और पुलिस बल को कड़े निर्देश जारी किए. डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि पूरी परीक्षा प्रणाली को अत्यंत पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी. वहीं एसपी कपिल चौधरी ने परीक्षा केंद्रों के बाहर और भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई NEET परीक्षा, परीक्षा केंद्रों पर अभूतपूर्व चौकसी

