Ranchi: झारखंड आंदोलन के प्रमुख चिंतक और बौद्धिक मार्गदर्शक रहे डॉ. वी.पी. केशरी की जयंती के अवसर पर 1 जुलाई को रांची के आलोका सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को कांके स्थित हीरानाथ साहू के आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की केंद्रीय समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने की, जबकि संचालन केंद्रीय महासचिव आदित्य नारायण प्रसाद ने किया. बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों की भागीदारी और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
यह भी पढ़ें: News Wave Jharkhand की गूंज : 51 जोड़ों के जीवन में बिखरे खुशियों के रंग, सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल

जयंती पर ‘डॉ. वीपी केशरी वैश्य सम्मान’ दिया जाएगा
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलन को वैचारिक मजबूती देने में डॉ. वी.पी. केशरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, लेकिन राज्य गठन के बाद उनके योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल सका. ऐसे में जयंती समारोह के माध्यम से उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही सरकार से उनके सम्मान में सकारात्मक पहल करने की मांग करते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा. आयोजन में झारखंड आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ लोगों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और वैश्य समाज के बुद्धिजीवियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दस बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों और झारखंड आंदोलनकारियों को ‘डॉ. वीपी केशरी वैश्य सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा. बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष रेखा मंडल, हीरानाथ साहू, आदित्य नारायण प्रसाद, चतुर साहू, मदन प्रजापति, अनिल वैश्य, कृष्णा साहू, रोहित कुमार साहू, राजेंद्र साहु, डॉ. अरविंद कुमार, हलधर साहू, बाचल गुप्ता और शिव प्रसाद गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. वहीं बीरेन्द्र कुमार, अशोक कुमार गुप्ता और जगदीश साहू वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए.


