Palamu: पांकी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महावीर मोड़ के आस-पास रहने वाले लोगों का सालों पुराना बिजली का सपना आज भी अधूरा है. दशकों के लंबे इंतजार के बाद जब इस इलाके में बिजली के पोल गड़े, तार खींचे गए और आखिरकार ट्रांसफार्मर भी लग गया, तो ग्रामीणों की आंखों में रोशनी की नई उम्मीद जागी थी. लेकिन सब कुछ तैयार होने के बाद भी आज तक इस ट्रांसफार्मर को चालू नहीं किया जा सका है. दुकानों और घरों के सामने खड़ा बिजली का ढांचा अब स्थानीय लोगों के लिए सिर्फ एक शोपीस बनकर रह गया है.
अधिकारियों के भरोसे के बीच अंधेरे में कट रही रातें
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बिजली चालू कराने को लेकर कई बार बिजली विभाग के चक्कर काटे गए हैं. विभागीय अधिकारियों से जब भी बात होती है, तो हर बार एक ही रटा-रटाया जबाव मिलता है कि “बस कुछ ही दिनों में लाइट चालू हो जाएगी.” लेकिन अधिकारियों के ये ‘कुछ दिन’ कब बीतेंगे और कब ग्रामीणों के घरों का अंधेरा दूर होगा, यह कोई नहीं जानता. जब पोल, तार और ट्रांसफार्मर जैसी बड़ी चीजें लग चुकी हैं, तो सिर्फ कनेक्शन जोड़ने में इतनी देरी क्यों हो रही है, यह समझ से परे है.

ग्रामीणों में बढ़ रहा है भारी जनआक्रोश
सालों से ढिबरी और लालटेन की रोशनी में जीने को मजबूर यहां के लोग अब शासन और प्रशासन की इस सुस्ती से बेहद आहत हैं. क्षेत्र में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. अब देखना यह है कि बिजली विभाग महावीर मोड़ के इन लाचार ग्रामीणों की सुध कब लेता है और कब इनके घरों तक असल मायने में विकास की रोशनी पहुंचती है.

AlsoRead:रांची: RSS कार्यालय में बम फेंकने के मामले में SIT गठित, डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर कर रही जांच

