Ranchi: झारखंड की सियासत में आज की रात कयामत की रात है. नींद उड़ी हुई है, दिल की धड़कनें बढ़ी हुई हैं. नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें ऐसी हैं जैसे किसी परीक्षा का रिजल्ट आने वाला हो. मौका है झारखंड की दो राज्यसभा सीटों का चुनाव. दांव पर किसी की साख है, तो किसी की चौधराहट. लेकिन इस बार का चुनाव लोकतंत्र के महापर्व से ज्यादा किसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म जैसा लग रहा है, जहां हर दल को अपने ही विधायकों पर अपनों से सावधान वाला शक है. गुरुवार, 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक वोट बरसेंगे, पांच बजे गिनती होगी और रात होते-होते परिणाम सबके सामने होंगे. यह परिणाम सिर्फ दो सांसदों के नाम तय नहीं करेगा, बल्कि झारखंड की राजनीति की आगे की दिशा और दशा भी तय करेगा. नेताओं को डर है कि कहीं उनके विधायक ‘क्रॉस-वोटिंग’ के वायरस से संक्रमित न हो जाएं. इतिहास गवाह है कि झारखंड में पार्टी एजेंटों के साथ मिलकर विधायक जी पहले भी ‘खेल’ कर चुके हैं. इसलिए इस बार गठबंधन हो या विपक्ष, सबने अपने-अपने पोलिंग एजेंट तैनात कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: रांची: RSS कार्यालय में बम फेंकने के मामले में SIT गठित, डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर कर रही जांच
लोकल नेताओं पर कांग्रेस को भरोसा नहीं
कांग्रेस पार्टी का हाल तो यह है कि उसे अपने लोकल लीडरशिप पर भरोसा ही नहीं रहा. शायद आलाकमान को लगा कि लोकल वाले ही मिलकर लोचा न कर दें. इसलिए दिल्ली से विशेष तौर पर प्रदेश प्रभारी के. राजू और सिरिबेला प्रसाद को ‘पार्टी एजेंट’ बनाकर भेजा गया है. यानी अब झारखंड कांग्रेस के विधायक जब वोट डालने जाएंगे, तो उन्हें अपना मतपत्र इन दिल्ली वाले प्रभारियों को दिखाना होगा.
परिमल नाथवाणी के सहारे साख बचाने की जंग
इधर एनडीए खेमे में भी खलबली कम नहीं है. निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवाणी को एनडीए का समर्थन प्राप्त है, जिसके चलते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की प्रतिष्ठा सीधे दांव पर लग गई है. अगर यहां कोई चूक हुई, तो दिल्ली दरबार में जवाब देते नहीं बनेगा. भाजपा ने भी अपने विधायकों की घेराबंदी के लिए तगड़ा चक्रव्यूह रचा है. अमर बाउरी और नवीन जायसवाल को पार्टी एजेंट की जिम्मेवारी मिली है, जो वोट चेक करेंगे. अनंत ओझा और विकास प्रीतम पोलिंग एजेंट की जिम्मेवारी संभालेंगे. भानू प्रताप शाही और राज सिन्हा काउंटिंग एजेंट होंगे.
यह भी पढ़ें: धरती का स्वर्ग है फूलों की घाटी, जहां खिलते हैं 500 से ज्यादा रंग-बिरंगे फूल
झामुमो का कड़क पहरा: 34 विधायकों पर सुदिव्य और विनोद की तीसरी आंख
झामुमो ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और महासचिव विनोद कुमार पांडेय को पार्टी एजेंट नियुक्त किया है. ये दोनों नेता बूथ पर आंखें गड़ा कर बैठेंगे और झामुमो के सभी 34 विधायकों के मतपत्रों का ‘एक्स-रे’ करेंगे. इसके अलावा, मिथिलेश ठाकुर और फागू बेसरा को पोलिंग एजेंट की जिम्मेदारी दी गई है.
राजद और माले का जुगाड़
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने वरिष्ठ नेता भोला यादव पर संपूर्ण विश्वास जताया है. भोला यादव ही पार्टी एजेंट भी होंगे और पोलिंग एजेंट भी. यानी अकेले ही पूरा मोर्चा संभालेंगे. भाकपा माले ने भी अपनी तरफ से पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए गायत्री मंडल और हलधर महतो को पार्टी और पोलिंग एजेंट की दोहरी जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि उनकी सीमित ताकत में कोई सेंधमारी न हो सके.



