Palamu: मेदिनीनगर के बाईपास रोड स्थित JMP परिसर में रविवार देर रात एक सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय विनोद पांडे के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे स्कूटी से एक युवक परिसर में पहुंचा. कुछ देर बाद उसने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया. तीनों परिसर में घूमते रहे और फिर गार्ड विनोद पांडे को उठाकर गेट के पास ले गए, जहां उन्हें करीब से गोली मार दी गई. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए.
मौके पर पहुंची पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई की रात परिसर में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी के दौरान मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के साथ आए लोगों के बीच विवाद हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है.
ALSO READ: रांची: धुर्वा में चोरों का आतंक, जेपी मार्केट और सेक्टर-4 की तीन दुकानों में चोरी
