पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं का निदान करने की बात कही
Palamu: गुरुवार को पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह के हुसैनाबाद स्थित आवास पर खराड़, राम बिगहा, हैदरनगर, अली नगर, महुदंड समेत कई गांवों के ग्रामीण पहुंचे. उन्होंने एक एक कर अपने गांव की समस्या से पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह को अवगत कराया. अधिकतर गांवों में पेयजल की समस्या लोगों ने बताई. उन्होंने बताया कि चापाकल है भी तो मरम्मत के अभाव में बंद पड़ा है. विभागीय कार्यालय में आवेदन देने के बाद भी मरम्मत नहीं किया जा रहा है. गांवों में पेयजल की समस्या बढ़ती जा रही है.
यह भी पढ़ें : रामगढ़ फैक्ट्री ब्लास्ट: मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 5, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे अन्य मजदूर
गांवों में पानी की समस्या हो रही विकराल
राम बिगहा के लोगों ने पूर्व मंत्री का आभार जताते हुए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया. खराड़ गांव के लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर हुए विवाद पर विस्तृत चर्चा की. कमलेश कुमार सिंह ने इस संबंध में हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी को समाधान करा कर प्रतिमा स्थापित कराने को कहा. हैदरनगर में एक ही जगह बिजली का चार पोल गाड़ देने से सैलून दुकान का दरवाजा बंद हो जाने की बात शंकर ठाकुर ने बताई. इस मामले पर उन्होंने बिजली विभाग के सहायक अभियंता को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने को कहा. वहीं हैदरनगर पीएचसी में आपात सेवा नहीं चलने से होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों ने उन्हें अवगत कराया. इस मामले पर पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने कई बार सरकार को पत्र लिख कर आपात सेवा चालू कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें : अंगारों पर चलना, शरीर में कील! क्या है झारखंड के मंडा पर्व का सच?
राज्य सरकार को जनता की समस्याओं से मतलब नहीं : कमलेश सिंह
कमलेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि इस सरकार को जनता से मतलब नहीं रहा. राज्य में बालू, कोयला और पत्थर का अवैध खनन में सरकार संलिप्त है. उन्होंने आश्वासन दिया कि हुसैनाबाद व हरिहरगंज की विभिन्न समस्याओं से वह राज्य के मुख्य सचिव से मिल कर समाधान कराने का प्रयास करेंगे. पेयजल की समस्या शहर व ग्रामीण दोनो क्षेत्रों में विकराल रूप लेती जा रही है. इस मामले में भी वह अभियंताओं से मिलकर समाधान कराने का प्रयास करेंगे. मौके पर भाजपा नेता अजीत सिंह, योगेन्द्र सिंह के अलावा विभिन्न गांवों के चंदन चंद्रवंशी, मनदीप राम, हरि राम, सुरेंद्र राम, सुबोध चंद्रवंशी, सोनू चंद्रवंशी, विद्या सिंह, राजू सिंह, रंजेश पासवान समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.
