Palamu: पिपरा प्रखंड अंतर्गत पिपरा बाजार में पिछले कई दिनों से जला हुआ 25 केवीए का ट्रांसफार्मर आखिरकार बदल दिया गया है, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है. गौरतलब है कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण पूरा बाजार क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ था और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए तमाम प्रयासों के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकल पा रहा था. थक हारकर स्थानीय लोगों ने अपनी इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि सह वीर बाबा चौहरमल कल्याण समिति के पलामू जिला अध्यक्ष संदीप पासवान से मुलाकात की और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया. जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संदीप पासवान ने तत्काल बिजली विभाग डाल्टनगंज के महाप्रबंधक और अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की. उन्होंने अधिकारियों को बाजार क्षेत्र में बिजली न होने से हो रही परेशानियों के बारे में विस्तार से बताया और नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
यह भी पढ़ें : पहली डिजिटल जनगणना की तैयारी तेज, मोबाइल ऐप से घर-घर होगा डेटा संग्रह
नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया
संदीप पासवान की सक्रियता और प्रभावी हस्तक्षेप का ही परिणाम रहा कि महाप्रबंधक एवं अधीक्षण अभियंता ने फौरन संज्ञान लिया. विभाग के निर्देश पर शनिवार को पिपरा बाजार के लिए नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया और उसे सफलतापूर्वक लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई. इस त्वरित कार्रवाई और समस्या के समाधान के बाद स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. ग्रामीणों ने संदीप पासवान के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्हें जनता का सच्चा हितैषी और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील नेता बताया. हर्ष व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से राज किशोर गुप्ता, संतोष गुप्ता, मिथिलेश गुप्ता, मुनि गुप्ता, मोंटी सिंह, मनीष कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, पप्पू यादव समेत कई ग्रामीण शामिल हैं. ग्रामीणों का कहना है कि संदीप पासवान के निजी प्रयास से ही उन्हें इस भीषण गर्मी और अंधेरे से मुक्ति मिली है.
यह भी पढ़ें : झारखंड में मौसम ने ली करवट: ऑरेंज अलर्ट जारी, रांची समेत कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी
