Palamu: मोहम्मदगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सिंचाई कॉलोनी परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित प्रखंड स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभी तक पूरी तरह संचालित भी नहीं हो पाया है, लेकिन यहां चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. अस्पताल परिसर से अब तक 10 सोलर प्लेट और 5 पंखों की चोरी हो चुकी है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सीएचओ रामी किंडो ने चोरी की घटनाओं की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि अस्पताल भवन में लगाए गए कई महत्वपूर्ण संसाधन चोरी हो चुके हैं. मामले की सूचना पुलिस को दी गई है, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है.

खाली भवन बना असामाजिक तत्वों का निशाना
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड में बेहतर सरकारी स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत होने के बावजूद अस्पताल को अब तक मंजूरी और नियमित संचालन नहीं मिल सका है. लंबे समय से भवन लगभग खाली पड़ा हुआ है, जिससे असामाजिक तत्वों को मौका मिल रहा है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस अस्पताल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में संबंधित विभाग नाकाम साबित हो रहा है.
अस्पताल जल्द शुरू करने की मांग
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से अस्पताल को शीघ्र मंजूरी देकर संचालित करने की मांग की है. उनका कहना है कि अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और भवन व उपकरणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी. लोगों ने चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, दोषियों की गिरफ्तारी तथा अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उनका कहना है कि सरकारी संपत्ति को लगातार नुकसान पहुंचना चिंता का विषय है और इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए.
