Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम कार्यालय में आज डिज़्नीलैंड प्रदर्शनी के टेंडर को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता नगर निगम की महापौर अरुणा शंकर ने की. मेला आवंटन के लिए बुलाई गई इस बैठक में मुख्य रूप से तीन संवेदकों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई और टेंडर डाला. इसके बाद सभी उपस्थित पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष खुली डाक बोली लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई.बोली के दौरान चंचल कुमार मिश्रा ने 88 लाख 10 हजार रुपये की बोली लगाई, जबकि बैजनाथ सिंह की ओर से 88 लाख रुपये की बोली पेश की गई.
पवन कुमार गुप्ता को आयोजन का जिम्मा सौंपा गया
पवन कुमार गुप्ता ने सबसे ऊंची बोली लगाते हुए 88 लाख 20 हजार रुपये का दांव खेला.अधिकतम बोली लगाने के कारण नियमों के तहत पवन कुमार गुप्ता को इस वर्ष की डिज्नीलैंड के आयोजन का जिम्मा सौंप दिया गया. नगर निगम प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस भव्य मेले का आयोजन आगामी 20 जुलाई से शुरू होकर 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा. बैठक के दौरान पारदर्शिता का विशेष ख्याल रखा गया.



