Ranchi : लालपुर थाना क्षेत्र स्थित धुनकी रूफटॉप बार में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की. जानकारी के अनुसार बार में नियमों का उल्लंघन करते हुए तेज साउंड में संगीत बज रहा था और बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे. आसपास के लोगों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बार को बंद कराया. पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जल्दबाजी में अपने वाहनों से निकल गए.
बार के खिलाफ पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें
स्थानीय लोगों का आरोप है कि धुनकी रूफटॉप बार देर रात तक संचालित होता है और इसके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं. बताया गया कि पूर्व में कोटपा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई थी. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बार में देर रात तक गतिविधियां चलने से आसपास के लोगों को परेशानी होती है और नियमों का उल्लंघन लगातार जारी रहता है.
Also Read : विश्व योग दिवस पर योगमय हुआ जेवीएम श्यामली, छात्रों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
ध्वनि प्रदूषण पर हाईकोर्ट पहले ही जता चुका है सख्ती
देर रात तेज आवाज में डीजे बजने को लेकर ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा भी उठता रहा है. हाल ही में झारखंड हाईकोर्ट ने ध्वनि प्रदूषण के मामलों पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउड साउंड और डीजे पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि आदेशों का अनुपालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. ऐसे में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाने वाले प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की निगरानी बढ़ने की संभावना है.


