Hazaribagh : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के खेल प्रेमियों और होनहार खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. आगामी 28, 29 और 30 अगस्त को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक हजारीबाग खेल महोत्सव-2026 की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर तेज हो गई हैं. जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय खेल महाकुंभ की मेजबानी हजारीबाग जिला ओलंपिक संघ को सौंपी गई है. प्रतियोगिता को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में DC की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा, संघ के अन्य पदाधिकारी और जिले के विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे.
प्रमंडल के सभी जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
बैठक के दौरान खेल महोत्सव की रूपरेखा, मैदानों की व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और खेलवार जिम्मेदारियों पर बिंदुवार विस्तार से चर्चा की गई. DC ने कहा कि हजारीबाग शुरू से ही खेल प्रतिभाओं की जननी रहा है. ऐसे में प्रमंडल स्तर के इतने बड़े खेल महोत्सव की मेजबानी मिलना जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने सभी खेल संघों को आपसी तालमेल बनाकर काम करने का निर्देश दिया और अलग-अलग खेलों के सफल संचालन के लिए विभिन्न खेल संगठनों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं. DC ने स्पष्ट किया कि आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जिला प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ेगा.
हर्ष अजमेरा ने उठाया इंफ्रास्ट्रक्चर का मुद्दा, आधुनिक सुविधाओं की मांग
समीक्षा बैठक के दौरान जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा ने जिले में खेल अवसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव DC के समक्ष रखे. उन्होंने हजारीबाग में आधुनिक सुविधाओं से लैस एक इंडोर/आउटडोर स्विमिंग पूल और सर्वसुविधायुक्त वॉलीबॉल कोर्ट के निर्माण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया. DC ने हर्ष अजमेरा द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए इन सभी प्रस्तावों को आगामी बोर्ड बैठक में रखकर जल्द से जल्द आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का भरोसा दिया.
खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के खुलेंगे द्वार: हर्ष अजमेरा
बैठक के समापन के बाद जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा ने खुशी जताते हुए कहा कि हजारीबाग के इतिहास में पहली बार इतने व्यापक और भव्य स्तर पर प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन हो रहा है. यह आयोजन क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर साबित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जिले में खेल संस्कृति और अधिक मजबूत होगी. इस ऐतिहासिक सौगात और दूरदर्शी पहल के लिए हर्ष अजमेरा ने जिला प्रशासन और DC के प्रति पूरे खेल जगत की ओर से आभार व्यक्त किया.
Also Read : रिम्स लैंड स्कैम- लवली की अग्रिम बेल पर ACB कोर्ट में सुनवाई पूरी
