Gumla: डीसी दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया गया. जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों ने उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे. उपायुक्त ने बारी-बारी से लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो और पात्र मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए.
राशन, पेंशन और भूमि विवाद से जुड़े आवेदन
जन शिकायत निवारण दिवस में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, पारिवारिक एवं आपसी विवाद, रोजगार तथा शिक्षा से संबंधित कई मामले सामने आए. रायडीह प्रखंड के सेवानिवृत्त अंचल अधिकारी श्रीकान्त लाल मांझी ने पेंशन से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन दिया. उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद पेंशन का मामला लंबित है. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
शैक्षणिक ओलंपियाड और छात्रवृत्ति कार्यक्रम का प्रस्ताव
शिक्षा एवं विद्यार्थी विकास के क्षेत्र में कार्यरत हर्बियोनेक्सिस फाउंडेशन ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में शैक्षणिक ओलंपियाड परीक्षा और छात्रवृत्ति कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर आवेदन दिया. संस्था ने प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने तथा विज्ञान, गणित और सामान्य ज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने का प्रस्ताव रखा. उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
फैक्ट्री से प्रदूषण की शिकायत, जांच के निर्देश
गुमला प्रखंड के राजस्व ग्राम पुगू के ग्रामीणों ने करमडीपा क्षेत्र में संचालित एक फैक्ट्री से संबंधित शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी. ग्रामीणों ने फैक्ट्री से निकलने वाले रसायनों के कारण आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई. उन्होंने मामले की जांच के साथ फैक्ट्री के समीप स्थित पारंपरिक एवं धार्मिक महत्व के करम वृक्ष के संरक्षण की भी मांग की. उपायुक्त ने संबंधित विभाग को स्थल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
भूमि विवाद के मामलों में भी कार्रवाई के निर्देश
टोटो प्रखंड के छोटा खटंगा निवासी लेदा उरांव ने पारिवारिक भूमि से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन दिया. वहीं, गुमला प्रखंड के छोटालोरो निवासी सोना देवी ने अपने हिस्से की भूमि पर निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत की. उपायुक्त ने दोनों मामलों में संबंधित पदाधिकारियों को अभिलेखों और तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभागों को भेजा गया
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान प्राप्त अन्य आवेदनों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया. जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि मामलों का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
ALSO READ: चाईबासा पुलिस का बड़ा एक्शन: 33 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

