Lohardaga: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज राजस्व से संबंधित बैठक सभी विभागों और अंचल अधिकारियों के साथ की. बैठक में विभिन्न विभागों को प्राप्त राजस्व लक्ष्य और उसकी प्राप्ति की समीक्षा की गई.
मत्स्य विभाग के तहत नंदिनी डैम में मत्स्य समितियों द्वारा किए जा रहे मत्स्य पालन की भी समीक्षा हुई. साथ ही जिले के बंद पड़े खदानों में मत्स्यपालन की संभावना पर योजना बनाने का निर्देश दिया गया. वर्तमान वित्तीय वर्ष में सभी तालाबों की बंदोबस्ती कराने को कहा गया.

म्युटेशन और प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने के निर्देश
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि म्युटेशन के मामले लंबित न रहें. बिना कारण लंबित रखने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया.
साथ ही जाति, आय और आवासीय प्रमाण-पत्र समय पर निर्गत करने तथा लोगों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
नामांतरण व सक्सेशन मामलों की समीक्षा
ऑनलाइन नामांतरण, लैंड डिमार्केशन, दाखिल-खारिज और सक्सेशन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया. ई-रेवेन्यु कोर्ट के तहत सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने कोर्ट में लंबित मामलों का निष्पादन कर पोर्टल पर एंट्री करने को कहा गया. साथ ही मामलों की नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

आपदा मामलों और सड़क सुरक्षा पर जोर
आपदा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने डूबने, आगलगी, सड़क दुर्घटना और सर्पदंश से मृत्यु जैसे मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा. परिवहन विभाग को दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा अवर निबंधन, परिवहन, खनन, नगर परिषद, नीलाम-पत्र और उत्पाद विभाग की भी समीक्षा की गई.
अधिकारियों को संवेदनशील रहने की हिदायत
उपायुक्त ने कहा कि किसी प्रकार की शिकायत न आए, इसके लिए पदाधिकारी लोगों के प्रति संवेदनशील रहें. अपने-अपने अंचल क्षेत्र की पूरी जानकारी रखें, ताकि मामलों का समय पर समाधान किया जा सके.
बैठक में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक प्रमोद दास, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, जिला परिवहन पदाधिकारी जया संखी मुर्मू, खनन पदाधिकारी राजा राम प्रसाद, उत्पाद अधीक्षक अनिल शर्मा, सभी अंचल अधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
