Ranchi : झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी अपने चरम पर है. सियासी वार रुम राजधानी के दो नामचीन होटल बन गए हैं. एक तरफ जहां ‘होटल बीएनआर’ विपक्षी महागठबंधन का अभेद्य किला बन चुका है. वहीं होटल रेडिसन ब्लू से एनडीए अपनी रणनीति को धार दे रहा है. दोनों होटलों में बंद कमरों के भीतर शह और मात का ऐसा खेल चल रहा है. जिसने सूबे के सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
सीएम आवास में होगी बैठक
होटल बीएनआर में कांग्रेस, राजद और माले के विधायक पूरी तरह मुस्तैद हैं. राजद के संकटमोचक और ‘चाणक्य’ माने जाने वाले भोला यादव खुद अपने चारों विधायकों के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं. इसी बीच, सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि महागठबंधन के पास 56 से अधिक विधायकों का मजबूत समर्थन है और जीत हमारी ही होगी. इस बीच, आज बुधवार की शाम मुख्यमंत्री आवास पर महागठबंधन की एक और अहम बैठक होने जा रही है. जिसमें अंतिम रणनीति पर मुहर लगेगी.
जयराम महतो ने नहीं खोले पत्ते
इस पूरे होटल ड्रामे के बीच जेएलकेएम के फायरब्रांड विधायक जयराम महतो ने एक नया और दिलचस्प एंगल जोड़ दिया है. जयराम ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन उन्होंने मूलवासी और आदिवासी समाज की भागीदारी का मुद्दा उठाकर दोनों खेमों की धड़कनें बढ़ा दी हैं.
ALSO READ : झारखंड में मौसम का रेड अलर्ट, अगले 48 घंटे भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का खतरा



