Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट के वेकेशन बेंच ने बीते अप्रैल माह में हजारीबाग एवं बरही दोनों प्रमंडलों की जिम्मेदारी संभाल रहे जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो को जमानत दे दी है. मालतो पर डीएमएफटी योजनाओं के आवंटन में कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगे थे. न्यायाधीश रंगन मुखोपाध्याय की बेंच ने मामले में अन्य आरोपी सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को मिली जमानत के आधार पर राहुल मालतो को भी जमानत प्रदान की.

रिश्वत लेते रंगेहाथ हुए थे गिरफ्तार
दरअसल, बीते 9 अप्रैल को झारखंड के हजारीबाग में जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने 1.72 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था.
यह गिरफ्तारी हजारीबाग और कोडरमा में डीएमएफटी (DMFT) योजनाओं तथा किरी जलाशय योजना के कार्यों के बिल भुगतान और रिवाइज्ड एग्रीमेंट (संशोधित अनुबंध) के बदले की जा रही कथित कमीशनखोरी की शिकायत के आधार पर की गई थी.
