Ramgarh: जिले भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित एक इस्पात प्लांट में शुक्रवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग प्लांट के मुख्य कंट्रोल रूम में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. घटना के समय कंट्रोल रूम और आसपास के इलाके में काम कर रहे मजदूरों व कर्मचारियों के बीच भगदड़ मच गई. जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में दो से तीन लोगों के मौत की खबर सामने आ रही है, हालांकि, हताहतों की आधिकारिक पुष्टि और पहचान की प्रक्रिया जारी है.

अचानक फैली आग,धुआं और ऊंची लपटें उठती देखी गईं:
देर रात कंट्रोल रूम से अचानक धुआं और ऊंची लपटें उठती देखी गईं. जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते, आग ने पूरे कंट्रोल रूम को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.सुरक्षा के लिहाज से प्लांट के प्रभावित हिस्से में कामकाज रोक दिया गया. आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ होगा. पुलिस और कंपनी प्रबंधन मामले की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान और जान-माल की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

