Ranchi: रांची हाई-प्रोफाइल अशोक नगर चोरी का मामला में रांची पुलिस को सफलता हाथ लगी है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल एक और आरोपी को 60 लाख रुपए जेवरात के साथ गिरफ्तार किया है, वही इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक एक करोड़ रूपया से अधिक के जेवरात बरामद किए हैं और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आमतौर पर देखा जाता है कि पुलिस किसी भी कांड में एक दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले का अनुसंधान को बंद कर देती है, लेकिन इस मामले में रांची पुलिस इस घटना में शामिल अंतिम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही.
9 जुलाई को हुई थी दो घरों में चोरी
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में चोरी की बड़ी घटना हुई थी. इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 172/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के मार्गदर्शन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया था.
CCTV और डिजिटल साक्ष्यों से मिला सुराग
जांच के दौरान एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य डिजिटल इनपुट का विश्लेषण किया. इसके आधार पर पुलिस ने चोरी में शामिल संदिग्धों की पहचान की और विभिन्न राज्यों में छापेमारी शुरू की. कार्रवाई के दौरान कोलकाता से चोरी में इस्तेमाल की गई नीले रंग की जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की गई. इसके साथ ही चोरी गए कुछ सोने के आभूषण और 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद भी बरामद किए गए.
अंतरराज्यीय गिरोह के तीन मुख्य आरोपी चिन्हित
पुलिस ने इस मामले में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों की पहचान की है. इनमें इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, गिरोह के मुख्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी इरफान और अफरोज के घरों में भी छापेमारी की. वहां से उनकी पत्नियों के कब्जे से चोरी के कुछ गहने और नकदी बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने बिहार के सीतामढ़ी की गुलशन प्रवीण पत्नी इरफान और दिल्ली के बवाना की शकीला उर्फ लाडली पत्नी अफरोज को गिरफ्तार कर लिया. दोनों से पूछताछ कर चोरी के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है.
80 से अधिक मामलों में वांछित है मुख्य आरोपी
अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरोह का सरगना मो. इरफान देश के कई राज्यों में सक्रिय रहा है. उसके खिलाफ करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, इरफान पर कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर सहित कई शहरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप हैं. उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है.
ALSO READ: प्रिंस खान के गुर्गे राहुल राणा की अग्रिम बेल पर HC में हुई सुनवाई
