Ranchi: जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और जनगणना कार्य को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया.

कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे
समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में अनमैप्ड मतदाताओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए यह आवश्यक है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे.
जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने का निर्देश
उपायुक्त ने बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलओ, बीएलए और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि मतदाता सत्यापन अभियान को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाया जाए. उन्होंने मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराने और जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक के दौरान बीएलओ की कार्यशैली को लेकर प्राप्त शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जिम्मेदारी निभाने में विफल रहने वाले कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक भवन और परिवार का सही एवं अद्यतन विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की योजनाओं और नीतियों का आधार होते हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए.
