Ranchi : अपनी पहचान, अस्मिता, पेंशन समेत अन्य मांगों के समर्थन में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा आंदोलन करेगा. इसी कड़ी में बुधवार को पूरे राज्य से हजारों की संख्या में आंदोलनकारी रांची के मोरहाबादी मैदान में जुट गए है. अब ये आंदोलनकारी सीएम आवास का घेराव करने निकलेंगे. वहीं दूसरी तरफ आंदोलन को देखते हुए रांची पुलिस ने व्यापक तैयारी कर ली है. मुख्यमंत्री आवास पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. जगह जगह पुलिस के जवान तैनात किए गए है.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, हर जगह जवान है तैनात
सुरक्षा के मद्देनजर तीन कंपनी रैपिड एक्शन पुलिस , एसआईआरबी, जैप और इको बल सहित करीब 600 सुरक्षाकर्मियों को मोरहाबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक तैनात किया गया है. इनमें हथियारबंद जवानों के साथ लाठी पार्टी भी शामिल है. इसके अलावा मोरहाबादी मैदान और मुख्यमंत्री आवास के आसपास ब्रज वाहन, फायर ब्रिगेड वाहन, रंगीन पानी के टैंकर और आंसू गैस स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है. प्रशासन की प्राथमिक कोशिश आंदोलनकारियों को मोरहाबादी मैदान में ही रोकने की रहेगी.


ट्रैफिक डायवर्ट होने की संभावना
आंदोलन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है. प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्ट करने की संभावना जताई है.
ALSO READ : इस साल सिर्फ एक अफसर ही गैर-राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS कैडर में होंगे प्रोन्नत
