Ranchi: रांची नगर निगम ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड संख्या-11 के कुरैशी मोहल्ला में 30 अवैध पानी के कनेक्शन काट दिए. यह कार्रवाई निगम की जलापूर्ति शाखा द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत की गई.
जांच के दौरान जिन लोगों के घरों में अवैध जल कनेक्शन मिले, उन्हें नगर निगम ने एक सप्ताह के भीतर वैध (रेगुलर) जल कनेक्शन लेने का निर्देश दिया है. निगम ने साफ कहा है कि तय समय में कनेक्शन नियमित नहीं कराने वालों के खिलाफ नियमों के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

शहरभर में जारी रहेगा अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान
नगर निगम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाना, पानी की चोरी रोकना और राजस्व नुकसान से बचना है, ताकि सभी लोगों को बराबर और नियमित पानी की आपूर्ति मिल सके. इसलिए शहरभर में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
अवैध कनेक्शन की करें शिकायत
रांची नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध पानी का कनेक्शन चल रहा हो तो इसकी सूचना निगम के टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर दें. शिकायत मिलने के बाद निगम की टीम तुरंत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी.
ALSO READ: जामताड़ा: 40 लाख का स्वास्थ्य उपकेंद्र तैयार; हैंडओवर नहीं, 300 मीटर दूर शुरू हुआ दूसरा निर्माण
