Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह सही और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से इन्यूमरेशन फॉर्म भरवा रहे हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने लोगों से अपील की है कि बीएलओ के घर पहुंचते ही अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का फॉर्म तुरंत भरकर उन्हें सौंप दें. उन्होंने कहा कि समय कम होने के कारण सभी मतदाताओं का सहयोग जरूरी है.
सभी पात्र सदस्यों का फॉर्म समय पर भरवाना सुनिश्चित करें
उन्होंने अभियान में भाग लेते हुए 64 हटिया विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वयं भी इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा. साथ ही लोगों से कहा कि वे बीएलओ का इंतजार करने के बजाय जरूरत पड़ने पर खुद भी उनसे संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का फॉर्म समय पर भरवाना सुनिश्चित करें.



