Ranchi: आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और उन्हें कानूनी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को रांची जिले के विभिन्न थानों और ओपी में जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान SSP राकेश रंजन खुद थाना पहुंचकर आम लोगों की समस्या को सुना और उसका समाधान किए. इस कार्यक्रम का शेड्यूल और समय-सारणी पहले ही सोशल मीडिया, प्रेस और प्रबुद्ध नागरिकों के माध्यम से प्रसारित कर दी गई थी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें.
यह भी पढ़ें: रांची: CUJ में PG की 171 सीटों पर फिर मिलेगा दाखिले का मौका, दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू

बड़े अधिकारियों ने खुद कमान संभालकर सुनीं शिकायतें
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस के सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी समेत कई अधिकारियों ने खुद अलग-अलग थानों में मौजूद रहकर जनता की फरियाद सुनी. एसएसपी राकेश रंजन लालपुर थाना में उपस्थित रहे, सिटी एसपी पारस राणा सुखदेवनगर और कोतवाली थाना में मुस्तैद रहे, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह अरगोड़ा थाना में उपस्थित रहे और ग्रामीण एसपी सुदूर ग्रामीण क्षेत्र बुढ़मू थाना में जनता के बीच पहुंचे. इसके अलावा, विभिन्न डीएसपी को कम से कम दो थानों में समय देने का निर्देश था, जबकि जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर आम जनता से मुलाकात की और उनकी शिकायतों का निपटारा किया.

आंकड़ों में समाधान, 380 आवेदनों में से 160 का तुरंत निपटारा
इस कार्यक्रम को लेकर जनता में भारी उत्साह देखा गया और थानों में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान कुल 380 आवेदन प्राप्त हुए. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इनमें से 160 मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आज ही उनका निष्पादन कर दिया. शेष बचे मामलों की गुणवत्तापूर्ण जांच की जा रही है.

गंभीर और संवेदनशील मामलों पर तुरंत FIR दर्ज, 11 कांड प्रतिवेदित
जन-शिकायत कार्यक्रम के दौरान सिर्फ साधारण ही नहीं, बल्कि कई बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले भी सामने आए. इनमें शादी का झांसा देकर यौन शोषण, जमीन विवाद, चोरी और महिला उत्पीड़न जैसे मामले शामिल थे. एसएसपी निर्देश पर ऐसे गंभीर मामलों में बिना किसी देरी के अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कार्य शुरू कर दिया गया है. आज कुल 11 कांड प्रतिवेदित किए गए हैं. रांची पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से जनता ने राहत की सांस ली है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि बचे हुए मामलों की भी गहनता से जांच कर जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.


