Ranchi: बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. कचरा उठाव के लिए पर्याप्त वाहनों की कमी के कारण डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रभावित हो रहा है. इसको लेकर आजसू पार्टी के रांची जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा ने नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव को पत्र भेजकर बड़ी इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियों की उपलब्धता कराने की मांग की है.
13 वार्डों की सफाई व्यवस्था संभाल रहे सिर्फ 9 वाहन
राजकिशोर कुशवाहा ने पत्र में बताया कि बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 13 वार्ड हैं, जबकि कचरा उठाव के लिए केवल 10 वाहन स्वीकृत हैं. इनमें से एक वाहन लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है. वर्तमान में सिर्फ 9 छोटे वाहनों के भरोसे पूरे नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था चल रही है.उन्होंने कहा कि छोटे वाहनों की क्षमता कम होने के कारण एक बार में पर्याप्त मात्रा में कचरा नहीं उठाया जा पाता, जिससे कई इलाकों में समय पर कचरा संग्रहण नहीं हो रहा है.

जगह-जगह कचरे का अंबार, स्वास्थ्य पर असर की आशंका
कुशवाहा ने कहा कि सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से कई स्थानों पर कचरा जमा हो रहा है. इससे स्वच्छता व्यवस्था कमजोर होने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है.उन्होंने विभाग से बुंडू नगर पंचायत की आबादी और क्षेत्रफल को देखते हुए अधिक संख्या में बड़ी इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियां उपलब्ध कराने की मांग की है.
‘स्वच्छ बुंडू’ के लिए जरूरी कदम
राजकिशोर कुशवाहा ने कहा कि बड़ी इलेक्ट्रिक कचरा गाड़ियों की उपलब्धता से नियमित सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छ बुंडू के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी.उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर विकास एवं आवास विभाग जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर बुंडू की सफाई व्यवस्था को मजबूत करेगा.
ALSO READ: चाईबासा: दूरस्थ हेस्साडीह पहुंचे DC-SP, सुरक्षा व्यवस्था के साथ विकास योजनाओं का लिया जायजा
