गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में आज उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए.
प्रमुख समस्याओं और आवेदन
कार्यक्रम के दौरान रोजगार, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, मुआवजा भुगतान, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए. उप विकास आयुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
नागरिकों की समस्याएं
जन शिकायत निवारण दिवस में फुलवारीशरीफ (पटना) निवासी नजमा खातून ने सेवानिवृत्ति लाभ एवं पेंशन भुगतान से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया. वहीं, गुमला प्रखंड अंतर्गत खोरा जामटोली के मोहना उरांव ने भूमि मुआवजा भुगतान से जुड़ी समस्या रखी. गुमला प्रखंड के बड़ा लोरो निवासी नवीन दूबे ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया. घाघरा प्रखंड के तुंजो सेमरटोली निवासी बिरसो देवी ने अनुकम्पा आधारित रोजगार हेतु आवेदन प्रस्तुत किया. गुमला प्रखंड से हेमा देवी ने लंबित मानदेय भुगतान से संबंधित मामला उठाया. पालकोट रोड, गुमला निवासी रूकमनी देवी ने आजीविका से जुड़ी समस्या रखी. मुरकुंडा पंचायत (गुमला) की शांति टाना भगत ने पारिवारिक भरण-पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया.
उपायुक्त के निर्देश
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करें.
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु प्रखंड/अंचल/अनुमंडल एवं जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण दिवस में भाग लेकर प्रशासनिक सेवाओं का लाभ उठाएं.
ALSO READ:कोयलांचल में रेल का रन, अपनों के बीच जंग: ट्रेन तो मुंबई पहुंच जाएगी, पर दरार भरने में कितनी इंजन की लगेगी शक्ति
