Chaibasa: बंदगांव प्रखंड अंतर्गत कराईकेला पंचायत भवन में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी भीष्म कुमार के नेतृत्व में राजस्व शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बंदगांव घाट नीचे क्षेत्र के छह पंचायतों के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं राजस्व संबंधी सेवाओं के लिए आवेदन प्रस्तुत किए. शिविर के दौरान ग्रामीणों के ऑनलाइन आवेदनों को स्वीकार कर उनका त्वरित निष्पादन किया गया. प्रशासन द्वारा विभिन्न राजस्व सेवाओं को पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया.

49 आवेदनों का हुआ निपटारा
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 49 आवेदनों का निष्पादन किया गया. इनमें 15 जाति प्रमाण-पत्र, 10 आय प्रमाण-पत्र, 12 आवासीय प्रमाण-पत्र, 1 पारिवारिक सूची तथा 11 भू-लगान संबंधी मामलों का निपटारा शामिल है. सभी मामलों का निष्पादन कर लंबित आवेदनों की संख्या शून्य रखी गई. इस अवसर पर बीडीओ भीष्म कुमार ने लाभुकों के बीच 49 प्रमाण-पत्रों का वितरण किया. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं.
सरकारी सेवाओं का लाभ लेने की अपील
बीडीओ ने ग्रामीणों से सरकारी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा आवश्यक दस्तावेजों के लिए समय पर आवेदन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर सेवाएं उपलब्ध कराने से लोगों को कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता. शिविर में अंचल एवं प्रखंड कार्यालय के कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. पंचायत स्तर पर राजस्व शिविर आयोजित किए जाने पर ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.
ALSO READ : ‘सचिन क्रिकेट के भगवान हैं, वैभव सूर्यवंशी भगवान के बेटे’, पूर्व भारतीय कप्तान के बयान से मची चर्चा



