Ranchi: सीसीएल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सुजीत कुमार सिन्हा ने महावीर चौक के समीप स्थित मैकी रोड निवासी सचिन कुमार गुप्ता से 2 लाख रुपये की ठगी कर ली. आरोपी ने उनकी पुत्री को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और विश्वास जीतने के लिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी भेज दिया. इतना ही नहीं, दरभंगा हाउस में ट्रेनिंग तक करवा दी. बाद में जांच के दौरान ज्वाइनिंग लेटर फर्जी निकला, जिसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
जान-पहचान का फायदा उठाकर दिया नौकरी का झांसा
प्राथमिकी में सचिन कुमार गुप्ता ने बताया है कि चर्च रोड काली मंदिर के पास उनकी प्रसाद की दुकान है. सुजीत कुमार सिन्हा उनकी दुकान पर अक्सर प्रसाद लेने आता था, जिससे दोनों के बीच जान-पहचान हो गई थी. इसी दौरान सुजीत ने बताया कि वह कांके के अरसंडे के समीप रहता है और सीसीएल में उसकी अच्छी पहुंच है. उसने भरोसा दिलाया कि वह उनकी पुत्री की नौकरी लगवा सकता है.

रुपये लेने के बाद भेजा फर्जी ज्वाइनिंग लेटर
आरोपी की बातों पर विश्वास कर सचिन कुमार गुप्ता ने पुत्री की नौकरी के लिए नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 2 लाख रुपये दे दिए. रुपये लेने के बाद सुजीत ने व्हाट्सएप पर ज्वाइनिंग लेटर भी भेज दिया. इतना ही नहीं, नौकरी का भरोसा दिलाने के लिए दरभंगा हाउस में ट्रेनिंग भी करवा दी. हालांकि बाद में जांच के दौरान ज्वाइनिंग लेटर फर्जी निकला और पूरे मामले का खुलासा हो गया.
अन्य लोगों से भी ठगी का आरोप
पीड़ित ने प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया है कि बाद में जानकारी मिली कि आरोपी ने निशांत, प्रीतम और अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
