Jamtara: साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा जिले में एक मजदूर साइबर ठगी का शिकार हो गया. नारायणपुर थाना क्षेत्र के टोपाटॉड गांव निवासी कमरुल अंसारी के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 61 हजार रुपये उड़ा लिए. पीड़ित कमरुल अंसारी मुंबई में मजदूरी करते हैं. उनका बैंक खाता बैंक ऑफ इंडिया की नारायणपुर शाखा में है. उन्होंने बताया कि उनके खाते से फोनपे के माध्यम से 5-5 हजार रुपये की 12 बार और 1 हजार रुपये की एक अतिरिक्त निकासी कर कुल 61 हजार रुपये निकाल लिए गए.

साइबर थाना में शिकायत दर्ज
पीड़ित का कहना है कि उन्हें कोई संदिग्ध कॉल नहीं आया और न ही उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा किया. खाते से राशि कटने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया, जहां उन्हें साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई. मामले में जामताड़ा साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है. थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, फोनपे ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है.
