Pakur: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला आयुष समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को “रन फॉर योग” थीम पर भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. रैली के माध्यम से आम लोगों को “योग अपनाओ, स्वस्थ जीवन पाओ” तथा “करे योग, रहे निरोग” का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था. जागरूकता रैली में आयुष विभाग के चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. रैली के दौरान योग के महत्व से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया तथा लोगों को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया.
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिपिन चंद्र गुप्ता ने कहा…
इस अवसर पर जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिपिन चंद्र गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में सहायक है.
डॉ. गुप्ता ने जानकारी दी कि आगामी 21 जून को कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा. उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की.
जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सुजीत कुमार चौहान ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिले के विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं आउटरीच स्थलों पर नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं. साथ ही व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को योग के लाभों से अवगत कराया जा रहा है.
ALSO READ: बिरसामुंडा एयरपोर्ट से भाग रहे दो आरोपी को CISF की टीम ने दबोचा, पुलिस कर रही पूछताछ



