Sahibganj: जिले के रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां पिता ने अपने ही इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला इतना हिंसक हो गया कि एक पिता ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने 22 वर्षीय पुत्र की जान ले ली.
क्या है पूरा मामला ?
रविवार की शाम मुजाहिरूल हक और उसके 22 वर्षीय इकलौते बेटे सफीकुल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बहस के बाद मुजाहिरूल गुस्से में घर से बाहर चला गया. रात में मुजाहिरूल अत्यधिक शराब पीकर घर वापस आया. उस वक्त सफीकुल सो रहा था. नशे में धुत मुजाहिरूल ने कुल्हाड़ी उठाई और सोए हुए बेटे के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. बेटे को लहूलुहान करने के बाद आरोपी को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है. इसके बाद वह कुल्हाड़ी लेकर अपनी सो रही पत्नी को भी मारने की नीयत से आगे बढ़ा. पिता के हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी देखकर बेटी चीखने-चिल्लाने लगी. बेटी के शोर मचाते ही आरोपी पिता मौके से फरार हो गया.
अस्पताल के चक्कर काटते रहे परिजन, रास्ते में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. गंभीर रूप से घायल सफीकुल को बचाने के लिए परिजन उसे रात भर एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाते रहे. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया. स्थिति बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने तत्काल बाहर ले जाने की सलाह दी. यहां से भी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने आगे के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. परिजन सफीकुल को लेकर जंगीपुर जा ही रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. इसके बाद निराश परिजन शव को वापस घर ले आए. घटना की सूचना मिलते ही सोमवार की सुबह रांगा थाना पुलिस बिशनपुर गांव पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपी पिता मुजाहिरूल हक की तलाश में छापेमारी कर रही है.
