Saraikela: पंजीकृत संस्था सत्यनारायण सोशियो इकोनॉमिक एंड रिसर्च सेंटर की ओर से रविवार को घाटशिला कॉलेज में एसएनएम ट्रॉफी संताली टैलेंट सर्च क्वेस्ट परीक्षा का आयोजन किया गया. घाटशिला परीक्षा केंद्र में कुल 189 अभ्यर्थी शामिल हुए.
चांडिल-घाटशिला में 340 अभ्यर्थी
संस्था की ओर से चांडिल अनुमंडल के शहरबेड़ा में भी दूसरा परीक्षा केंद्र बनाया गया था. दोनों केंद्रों को मिलाकर कुल 340 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. इनमें झारखंड के अलावा उड़ीसा और पश्चिम बंगाल से भी अभ्यर्थी पहुंचे थे. खास बात यह रही कि परीक्षा में छोटे-छोटे बच्चों के साथ-साथ नौजवान और उम्रदराज व्यक्ति भी बड़ी संख्या में शामिल हुए.
Also Read: गढ़वा के नए एसपी आशुतोष शेखर ने किया पदभार ग्रहण, कहा जनता के साथ बेहतर समन्वय उनकी प्राथमिकता है
तीन साल में 10 से 340 तक पहुंचा आंकड़ा
संस्था प्रमुख सत्यनारायण मुर्मू ने बताया कि चांडिल में तीन वर्ष पहले जब परीक्षा शुरू हुई थी तब सिर्फ 10 स्टूडेंट शामिल हुए थे. अगले साल यह संख्या 150 हुई और इस वर्ष चांडिल व घाटशिला मिलाकर 340 अभ्यर्थी पहुंचे. यह संताली भाषा और ओलचिकि लिपि के प्रति बढ़ते रुझान को दिखाता है.
ओलचिकि के 100 साल पर पहल
सत्यनारायण मुर्मू ने बताया कि यह परीक्षा पंडित रघुनाथ मुर्मू द्वारा आविष्कृत ओलचिकि लिपि के सौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रारंभ की गई है. इस वर्ष दूसरा आयोजन है. इसका उद्देश्य संताली भाषा-साहित्य के विकास के साथ-साथ ओलचिकि लिपि को जन-जन तक पहुंचाना है.
उन्होंने कहा कि परीक्षा के माध्यम से हमारी भाषा-संस्कृति, रीति-रिवाज और पारंपरिक व्यवस्था के प्रति समाज के लोगों को जागरूक किया जा रहा है. आने वाले वर्षों में और भी परीक्षा केंद्र बढ़ाए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपनी मातृभाषा से जुड़ सकें.
