Seraikela-Kharsawan: सरायकेला–खरसावां जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक की. जिले में सुगमतापूर्वक एलपीजी गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और गेल इंडिया कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की गयी. बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में एलपीजी गैस वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए कंपनियों के प्रतिनिधियों से डिस्ट्रिब्यूशन की अद्यतन (अप-टू-डेट) रिपोर्ट एवं सेक्टरवार वितरण प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. बैठक में केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित पर जोर दिया गया.
ये भी पढ़ें : झारखंड में सियासी तापमान बढ़ाने की तैयारी: भाजपा की नई टीम एक्शन मोड में, आंदोलन और संगठन विस्तार का ब्लूप्रिंट तैयार
अनियमितता पर तुरंत करें कार्रवाई : उपायुक्त
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी एजेंसियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं निर्बाध एलपीजी गैस वितरण सुनिश्चित करें. उन्होंने विशेष रूप से कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर गैस उपलब्ध कराना, समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करना तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करना अनिवार्य है. साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि गैस एजेंसियां अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था सुदृढ़ रखें, लंबित आपूर्ति मामलों का शीघ्र निष्पादन करें तथा सभी योग्य उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस कनेक्शन एवं रिफिल की सुविधा उपलब्ध कराएं. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश (भा.प्र.से.), जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें : दिल्ली : 4 मई के बाद बाकी बचे 22 राज्यों में होगा SIR, 39 करोड़ मतदाताओं की होगी पहचान
