Saraikela: घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सरायकेला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के जिला, केंद्रीय, नगर, प्रखंड और पंचायत स्तर के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया.
धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया. प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों से आम जनता, छोटे दुकानदारों, होटल व्यवसायियों, ठेला-खोमचा संचालकों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को बताया गया.

केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीबों, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा, “गैस सिलेंडर 1200 पार कर गया है. उज्ज्वला योजना की लाभुक महिलाएं फिर से चूल्हे पर लौटने को मजबूर हैं. यह गरीब की रसोई पर सीधा हमला है.”
प्रदर्शन के बाद झामुमो नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में मांग की गई कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1000 रुपये से कम की जाए. सब्सिडी बहाल कर आम लोगों को राहत दी जाए.
ALSO READ: पलामू: जिला कांग्रेस कमिटी में जिला सचिव पद पर संजय वर्मन मनोनीत
डॉ. महतो ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों में कीमतें कम नहीं हुईं तो झामुमो चरणबद्ध आंदोलन करेगा. जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक चक्का जाम और रेल रोको अभियान चलाया जाएगा.
धरना में केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, जिला सचिव लालू महतो, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनामती टुडू, नगर अध्यक्ष देवप्रकाश महतो समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे.
