Saraikela: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकरणी समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी स्वीकृत योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
पर्यटन स्थलों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
बैठक में सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, डोबो, श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर (राजनगर), भीमखंडा और श्मशान काली मंदिर सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों पर बोटिंग, एप्रोच रोड, घाट, सीढ़ी, रेलिंग, वॉल पेंटिंग, साइनेज, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग जैसी सुविधाओं के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई.
छऊ महोत्सव और जायदा पर्यटन मेला का होगा आकलन
पर्यटन विभाग की श्रेणी-‘बी’ के अंतर्गत सांस्कृतिक मेला एवं पर्यटन महोत्सव के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. जिला स्तरीय समिति खरसावां छऊ महोत्सव और जायदा पर्यटन मेला का स्थल निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करेगी.
आकर्षणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर
बैठक में आकर्षणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित विभाग को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग के निर्देश
बिरसा मुंडा स्टेडियम में बने टेनिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के प्रभावी उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को समन्वय बनाकर स्कूलों के विद्यार्थियों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए.
चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्रों का प्रस्ताव
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि जिले में चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्र खोलने का प्रस्ताव विभाग को भेजा जा चुका है. इस पर उपायुक्त ने प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए विभाग से नियमित समन्वय और अनुश्रवण करने का निर्देश दिया.
ALSO READ : जामताड़ा: 40 लाख का स्वास्थ्य उपकेंद्र तैयार; हैंडओवर नहीं, 300 मीटर दूर शुरू हुआ दूसरा निर्माण
