Jamshedpur: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में अनुबंध पर कार्यरत सुरक्षाकर्मियों को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक सेवा मुक्त किए जाने को लेकर कर्मियों में नाराजगी है. फिर से बहाल किए जाने और अपनी अन्य मांगों को लेकर सुरक्षाकर्मियों ने उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना दिया. आंधी-बारिश के बीच भी उनका हौसला नहीं डिगा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वह लंबे समय से भारतीय स्टेट बैंक में अनुबंध पर सुरक्षाकर्मी के रूप में अपनी सेवा देते आ रहे हैं. बिना पूर्व सूचना दिए उन्हें हटा दिया गया, जिससे उनके ऊपर रोजगार का बड़ा संकट खड़ा हो गया है. उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए उन्होंने डीसी से हस्तक्षेप की मांग की.

यह भी पढ़ें: झारखंड में कल होगी B.Ed, M.Ed और B.P.Ed प्रवेश परीक्षा, 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा

प्रदर्शन में शामिल हुए झामुमो के विधायक, डीसी से हस्तक्षेप की मांग
दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से उन्हें नैतिक समर्थन मिला. प्रदर्शन के दौरान मौके पर झामुमो विधायक मंगल कालिंदी, विधायक संजीव सरदार, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन समेत कई नेता मौजूद रहे. झामुमो नेताओं ने सुरक्षाकर्मियों की मांगों का समर्थन किया. उन्होंने उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग की. आंदोलन में शामिल कर्मियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गयी थी. सुरक्षाकर्मियों ने चेताया है कि यदि उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद भी बैंक प्रबंधन अपने फैसले को वापस नहीं लेता है तो और उग्र आंदोलन करेंगे.


यह भी पढ़ें: NTA की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, टेक्निकल गड़बड़ी के कारण 2 घंटे 23 मिनट देर से शुरू हुई ”CUET UG” परीक्षा

