Ranchi: राज्य के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार, 31 मई को संपन्न होगी. परीक्षा के माध्यम से बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा. इस बार परीक्षा में 45 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है.
परीक्षा के लिए कुल 94 केंद्र बनाए जाएंगे
परीक्षा का संचालन झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा किया जा रहा है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी और दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी. परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे से केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा आरंभ होने से 15 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे. राज्यभर में परीक्षा के लिए कुल 94 केंद्र बनाए गए है. इनमें राजधानी रांची में सर्वाधिक 30 केंद्र शामिल है. इसके अलावा धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा में भी परीक्षा आयोजित होगी.
अभ्यर्थियों को OMR शीट पर उत्तर अंकित करने होंगे
परीक्षा ऑफलाइन पद्धति से आयोजित की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों को OMR शीट पर उत्तर अंकित करने होंगे. प्रश्नपत्र में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे. प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित है, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे.
परिणाम के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी
प्रवेश परीक्षा के परिणाम के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी. इसी सूची के अनुसार अभ्यर्थियों को राज्य के विभिन्न सरकारी एवं निजी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालयों में प्रवेश मिलेगा. शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए राज्य के 136 बीएड कॉलेजों में लगभग 13,600 सीटें उपलब्ध है.
ALSO READ: फेयरमाइन कार्बन्स कोल कंपनी द्वारा मेदिनीनगर में टैंकर से पेयजलापूर्ति की शुरुआत



