Ranchi: राज्य के सबसे संवेदनशील सरकारी परिसरों राजभवन, विधानसभा, मुख्यमंत्री आवास और प्रोजेक्ट भवन की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की तैयारी शुरू हो गई है. इन परिसरों में लगे बैगेज एक्स-रे स्कैनर मशीनों की मरम्मत, अपग्रेडेशन और नियमित मेंटेनेंस की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना को खत्म किया जा सके. विशेष शाखा, झारखंड की ओर से यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब सरकारी परिसरों की सुरक्षा को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है. खराब या धीमी गति से काम कर रही स्कैनर मशीनों को दुरुस्त कर अत्याधुनिक तरीके से संचालित करने की योजना बनाई गई है.

क्या होगा खास?
इस पहल के तहत कुल चार बैगेज एक्स-रे स्कैनर मशीनों की मरम्मत की जाएगी. साथ ही यूपीएस बैटरी को बदला जाएगा और अगले दो वर्षों तक इन मशीनों का नियमित वार्षिक मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाएगा. इससे मशीनें बिना रुकावट के काम करती रहेंगी और सुरक्षा जांच में तेजी आएगी.
क्यों जरूरी है यह कदम?
राजभवन और मुख्यमंत्री आवास जैसे स्थानों पर हर दिन बड़ी संख्या में लोग और सामान का आवागमन होता है. ऐसे में बैगेज स्कैनर मशीनों का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है. किसी भी तकनीकी खराबी से सुरक्षा में सेंध लगने का खतरा बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें: रोजगार की तलाश में गए युवक की विशाखापट्टनम में मौत, संदिग्ध हालत में शव बरामद
