Bokaro: जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सशक्त पर्यवेक्षण एवं नियमित अनुश्रवण के तहत शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों की चयनित पंचायतों में वरीय पदाधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया. उपायुक्त के निर्देशानुसार निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने चास प्रखंड के सुनता पंचायत, निदेशक भूमि एवं पुनर्वास पूर्णिमा कुमारी ने चन्द्रपुरा प्रखंड के तरंगा पंचायत, अपर समाहर्त्ता सुनील चन्द्र ने जरीडीह प्रखंड के गायछन्दा पंचायत, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा ने चंदनकियारी प्रखंड के बांट बिनोर पंचायत, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मनोज कुमार ने गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी पंचायत, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज ने पेटरवार प्रखंड के उत्तासारा पंचायत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अनुराधा कुमारी ने नावाडीह प्रखंड के बिरनी पंचायत, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सफीक आलम ने कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत तथा कार्यपालक दंडाधिकारी बोकारो कुमार कनिष्क ने बेरमो प्रखंड अंतर्गत बेरमो दक्षिणी पंचायत का निरीक्षण किया.
विकास योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का किया मूल्यांकन
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, जलापूर्ति योजनाएं, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया. पदाधिकारियों ने योजनाओं के लाभुकों एवं ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की.
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर दिया गया जोर
निरीक्षण के क्रम में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया गया.


