Jamtara: समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में शनिवार को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार द्वारा चिन्हित जामताड़ा जिले के झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने की.
दीप प्रज्वलित कर हुआ शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, उपायुक्त आलोक कुमार एवं अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर उपायुक्त ने विधानसभा अध्यक्ष को पौधा, शॉल एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया.
124 आंदोलनकारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कुल 124 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. समारोह में आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और योगदान को याद करते हुए उन्हें राज्य निर्माण का आधार बताया गया.
विधानसभा अध्यक्ष का संबोधन
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है. उन्होंने आंदोलन के दौरान जेल जाने वाले साथियों और शिबू सोरेन को नमन करते हुए कहा कि लंबे संघर्षों के बाद झारखंड को उसकी अलग पहचान मिली. उन्होंने कहा कि आज राज्य लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.
Also Read: बोकारो पुलिस की पहल, दो महीने में 290 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए
उपायुक्त ने बताया प्रेरणा का स्रोत
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि झारखंड की धरती केवल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध नहीं है, बल्कि यह वीरता, संघर्ष और आत्मसम्मान की धरती भी रही है. उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों का संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. साथ ही उन्होंने विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और आंदोलन के इतिहास को संरक्षित रखने पर बल दिया.
SP ने जताया आभार
वहीं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार ने आंदोलनकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, प्रकृति और पहचान का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष से ही झारखंड को नई पहचान मिली है.
कई लोग रहे मौजूद
मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा पंकज कुमार रवि सहित कई पदाधिकारी, आंदोलनकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.


