Giridih: जिले के सरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है. शुक्रवार देर रात झंडा चौक के समीप तीन बाइक सवार अपराधियों ने एक जेवर कारोबारी को निशाना बनाते हुए करीब 13 लाख रुपये मूल्य के जेवरात से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरिया शहरी क्षेत्र के झंडा चौक में संचालित ज्वेलरी व्यवसायी सचित सोनी अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस भी हुई, लेकिन देखते ही देखते अपराधियों ने बाइक के हैंडल में रखा जेवरात से भरा बैग झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए.
झंडा चौक में वारदात से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 13 लाख रुपये है. वारदात की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई. सरिया थाना प्रभारी पिंकू सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल पीड़ित कारोबारी से लिखित आवेदन मिलने का इंतजार किया जा रहा है. वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है.
ALSO READ: वोटर मैपिंग: रांची फिसड्डी, मांडर अव्वल, 15 जून के बाद अनमैप्ड रहे तो चक्कर काटने को हो जाएं तैयार
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
भीड़भाड़ वाले शहरी क्षेत्र में हुई इस बड़ी लूट ने स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. लोगों का कहना है कि अपराधियों के बढ़ते हौसले कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. अब सबकी नजर पुलिस पर टिकी है कि आखिर 13 लाख की इस बड़ी लूट के पीछे कौन अपराधी हैं और कब तक सलाखों के पीछे पहुंचते हैं.


